


रांची: झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए अब डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करना और आसान हो जाएगा। राज्य सरकार की नई पहल के तहत स्कूली बच्चे अब फ्री डिश टीवी (डीटीएच) के जरिए डिजिटल शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। छात्र-छात्राएं अपनी सुविधानुसार फ्री डिश टीवी, डीटीएच या दीक्षा ऐप के माध्यम से अपनी कक्षाओं के अनुसार शैक्षणिक सामग्री (कंटेंट) निःशुल्क देखकर सीख सकेंगे।





पीएम ई-विद्या योजना के तहत झारखंड को कुल पांच विशेष डीटीएच चैनल आवंटित किए गए हैं, जिन पर 24 घंटे संबंधित कक्षाओं की पाठ्यसामग्री प्रसारित की जाएगी। शिक्षा विभाग द्वारा की गई व्यवस्था के अनुसार, पहली से आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए चैनल संख्या 93 निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार, चैनल संख्या 94 कक्षा 9 के लिए, चैनल संख्या 95 कक्षा 10 के लिए, चैनल संख्या 96 कक्षा 11 के लिए और चैनल संख्या 97 कक्षा 12 के शैक्षणिक कार्यक्रमों के प्रसारण के लिए आवंटित किया गया है। विद्यार्थी अपनी सुविधानुसार घर पर अथवा विद्यालय में इन चैनलों और दीक्षा प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रख सकते हैं। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में अध्ययन सामग्री तैयार की है। सितंबर महीने का कंटेंट पहले ही उपलब्ध करा दिया गया है, जबकि अगले महीने यानी अक्टूबर का कंटेंट इस माह के अंत तक जारी कर दिया जाएगा।
