
Hemant Removed Jamshedpur SSP and Seraikela SP: पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दोनों जिलों के पुलिस कप्तानों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटा दिया है।
सरकार का मानना है कि हाल के दिनों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो सका और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही बरती गई। इसी को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी और सरायकेला-खरसावां के एसपी को हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने देर रात सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी देते हुए साफ कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
स्थिति पर नजर रखने के लिए सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों को भी मैदान में उतार दिया है। चाईबासा के आयुक्त और रांची के एडीजी को क्षेत्र में लगातार कैंप कर हालात की रोजाना समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। वहीं डीआईजी को भी जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करने को कहा गया है।
सरकार के इस फैसले को हाल के दिनों में कोल्हान क्षेत्र में बढ़ी आपराधिक घटनाओं के बीच एक बड़े संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। प्रशासनिक गलियारों में भी इस कार्रवाई की चर्चा तेज है, क्योंकि लंबे समय बाद कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर इतनी सख्त जवाबदेही तय की गई है।
पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक एवं सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक को विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का निर्णय मैंने लिया है।…
— Hemant Soren (@HemantSorenJMM) June 30, 2026

