
Land Dispute : मांडू थाना क्षेत्र के पेसरा कंडी गांव में जमीन को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। गिरिडीह में पदस्थापित सब रजिस्ट्रार बालेश्वर पटेल की कथित तौर पर मारपीट के बाद मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बालेश्वर पटेल अपनी खरीदी हुई 11 डिसमिल जमीन पर लगाए गए सबमर्सिबल पंप की स्थिति देखने गांव पहुंचे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर विवाद बढ़ गया और उन पर लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला कर दिया गया। हमले में उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें रांची रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक की पत्नी रीता कुमारी ने मांडू थाना में लिखित शिकायत देकर कई लोगों पर साजिश के तहत हमला करने का आरोप लगाया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, जमीन बेचने वाली कविता देवी का कहना है कि जमीन की विधिवत रजिस्ट्री और पैमाइश के बाद बालेश्वर पटेल को जमीन बेची गई थी। उनके मुताबिक, जमीन को लेकर पुराने विवाद के कारण यह घटना हुई है।
मामले को लेकर मांडू विधायक तिवारी महतो समेत कई जनप्रतिनिधियों ने घटना की निंदा की है और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। बालेश्वर पटेल अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
इधर, पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का दावा है कि जांच के आधार पर जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

