

Palamu news : झारखंड के पलामू जिले में राजस्थान क्राइम ब्रांच की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम और डोडा तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेंद्र साहू के रूप में हुई है। वह हरिहरगंज का रहने वाला है और राजस्थान पुलिस को लंबे समय से उसकी तलाश थी। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद राजस्थान क्राइम ब्रांच की टीम उसे अपने साथ राजस्थान ले गई।
जानकारी के अनुसार, राजस्थान क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी की तलाश में पलामू पहुंची थी। यहां हरिहरगंज पुलिस के सहयोग से छापेमारी अभियान चलाया गया। संयुक्त कार्रवाई के दौरान सुरेंद्र साहू को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि राजस्थान पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित कर रखा था।
2024 में डोडा की खेप पकड़े जाने के बाद आया था नाम
पूरा मामला वर्ष 2024 का है। राजस्थान के बालोतरा इलाके में पुलिस ने डोडा की एक खेप पकड़ी थी। इस मामले की जांच के दौरान सुरेंद्र साहू का नाम सामने आया था। इसके बाद से ही राजस्थान पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। हालांकि, आरोपी लगातार पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था।
चतरा से अफीम और डोडा खरीदने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सुरेंद्र साहू ने बताया कि वह झारखंड के चतरा जिले के कुंदा इलाके से अफीम और डोडा खरीदता था। इसके बाद राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में इसकी बिक्री करता था। इसी तस्करी नेटवर्क से जुड़े मामले में राजस्थान पुलिस उसे तलाश रही थी।
हरिहरगंज पुलिस ने की गिरफ्तारी की पुष्टि
हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि राजस्थान क्राइम ब्रांच की टीम सुरेंद्र साहू की तलाश में हरिहरगंज पहुंची थी। स्थानीय पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद राजस्थान पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई।
इस कार्रवाई को झारखंड से राजस्थान तक फैले कथित नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ अहम कदम माना जा रहा है। फिलहाल राजस्थान पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।


