Bundu news : बुंडू प्रखंड के 87 गांवों में अवैध अफीम की खेती पर रोक लगाने एवं ग्रामीणों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालय में बैठक आयोजित की गई. अंचलाधिकारी हंस हेम्ब्रम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, बीडीओ सावित्री कुमारी सहित ग्राम प्रधान एवं डाकुवा शामिल हुए.

बैठक में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ रांची पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान की जानकारी दी गई. ग्रामीणों को बताया गया कि अफीम की खेती और नशीले पदार्थों के कारोबार से समाज एवं परिवार पर गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है. प्रशासन की ओर से ग्राम प्रधानों से अपने-अपने गांवों में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा इसकी रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई.

इस दौरान रांची पुलिस की ओर से जागरूकता बैनर के माध्यम से अफीम, गांजा, ब्राउन शुगर एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों और अवैध अफीम की खेती से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई. अभियान के तहत लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया.
वहीं, झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सभी ग्राम प्रधानों एवं डाकुवा को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
मौके पर ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष डालगोबिंद सिंह मुंडा, उपाध्यक्ष मिहीर सिंह मुंडा, मानकी देवी प्रसाद सिंह, शशि सिंह मुंडा, शिव उरांव, विनय सिंह मुंडा, सुधीर मुंडा, सुखराम मुंडा, दुर्गादयाल मुंडा, मानकी जगदीश प्रसाद सिंह सहित कई ग्राम प्रधान एवं डाकुवा उपस्थित थे.


