
Ranchi Railway Station: रेलवे स्टेशन पर चल रही सघन जांच के दौरान रेल सुरक्षा बल (RPF) ने एक युवक को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। युवक के ट्रॉली बैग से 24 बोतल व्हिस्की बरामद की गई, जिसे वह बिहार ले जाने की तैयारी में था।
जानकारी के मुताबिक, “ऑपरेशन सतर्क” के तहत 29 जून को रांची रेलवे स्टेशन पर फ्लाइंग टीम और आरपीएफ की संयुक्त टीम जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर-1 स्थित पार्सल कार्यालय के पास एक युवक ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया।
संदेह होने पर जब जवानों ने बैग की तलाशी ली तो उसमें से व्हिस्की की 24 बोतलें बरामद हुईं। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान बिहार के पटना जिले के पंडारक थाना क्षेत्र निवासी 19 वर्षीय विवेक कुमार सिंह के रूप में बताई।
प्रारंभिक पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि उसने शराब रांची से खरीदी थी और उसे बिहार में अधिक कीमत पर बेचने के इरादे से ले जा रहा था। इसके बाद आरपीएफ ने शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी और बरामद शराब को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग के हवाले कर दिया गया है। जब्त शराब की कीमत करीब 19 हजार रुपये बताई जा रही है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन और ट्रेनों के जरिए अवैध सामान की तस्करी रोकने के लिए “ऑपरेशन सतर्क” के तहत लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।

