रांची: राज्य के जिला और अनुमंडल अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाओं पर सीधा असर पड़ रहा है। वर्तमान में इन अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के कुल 200 पद खाली पड़े हैं। सबसे अधिक कमी अनुमंडल अस्पतालों में देखी जा रही है, जहां अकेले 10 अनुमंडल अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के 65 पद खाली हैं।

डॉक्टरों की इस कमी को दूर करने और मेडिकल कॉलेजों पर मरीजों का बढ़ता बोझ घटाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने संविदा के आधार पर 306 विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत जिला व अनुमंडल अस्पतालों में 200 नॉन-टीचिंग स्पेशलिस्ट मेडिकल अफसरों की भर्ती होगी, जबकि एनएचएम के तहत 106 पदों पर नियुक्ति की जाएगी।
इच्छुक और योग्य अभ्यर्थी इन पदों के लिए 8 अक्टूबर की रात 12 बजे से 31 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। अभ्यर्थियों के पास एमबीबीएस डिग्री के साथ संबंधित विशेषज्ञता में एनएमसी (NMC) से मान्यता प्राप्त संस्थान से पोस्ट ग्रेजुएट (PG) डिग्री या डिप्लोमा होना अनिवार्य है। साथ ही संबंधित मेडिकल काउंसिल में वैध पंजीकरण होना भी जरूरी है। अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 23 वर्ष तथा अधिकतम आयु 64 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना के लिए कट-ऑफ तिथि 31 अक्टूबर 2026 रखी गई है। आवेदन केवल निर्धारित ऑनलाइन भर्ती पोर्टल के जरिए ही स्वीकार किए जाएंगे।


