
- मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य सचिव को लिखा पत्र, विभाग में व्यापक गड़बड़ियां
Jharkhand Health Scam: झारखंड के स्वास्थ्य विभाग में कथित घोटाले को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा विधायक सह मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने विभाग में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए राज्य सरकार से स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि मुख्य सचिव द्वारा स्वास्थ्य सचिव को लिखे गए पत्र से स्पष्ट है कि विभाग में व्यापक गड़बड़ियां हुई हैं।
हालांकि उन्होंने जांच की जिम्मेदारी उसी विभाग को सौंपे जाने पर सवाल उठाते हुए इसे दूध की रखवाली बिल्ली को सौंपने जैसा बताया।
नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए टेंडर प्रक्रिया में अनियमितताएं कीं। जिन उत्पादों की कीमत सामान्यतः कम होती है, उन्हें तीन से पांच गुना अधिक दर पर खरीदा गया। साथ ही एक ही परिवार से जुड़ी कई कंपनियों को टेंडर देने की बात भी सामने आई है।
उन्होंने राज्य में ट्रेजरी घोटाले का जिक्र करते हुए इसे चारा घोटाले से भी बड़ा बताया। साथ ही बालू, कोयला, जमीन और लोहा से जुड़े कथित घोटालों को भी जोड़ा। उन्होंने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच, दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने और स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।

