
रांची: झारखंड में आने वाले दिनों में गर्मी अपना तेवर दिखाने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके साथ ही कई इलाकों में लू (हीट वेव) चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के मुताबिक 17 अप्रैल को स्थिति और गंभीर हो सकती है। उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्य भागों को छोड़कर राज्य के अधिकतर हिस्सों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 17 अप्रैल तक रांची का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं जमशेदपुर और डाल्टनगंज में भी पारा 40 डिग्री के पार जाने की पूरी संभावना है।
बीते 24 घंटे में कहां कितना रहा तापमान?
पिछले 24 घंटों की मौसम की बात करें तो पूरे झारखंड में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक डाल्टनगंज (39.8°C) का पारा रहा। वहीं जमशेदपुर में 39.0°C टेम्प्रेचर दर्ज किया गया, जबकि सरायकेला में 39.7°C दर्ज किया गया।
कुछ इलाकों में मिल सकती है हल्की राहत
भीषण गर्मी के बीच कुछ हिस्सों में हल्की राहत भी देखने को मिल सकती है। 17 अप्रैल को साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा और दुमका समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। अन्य इलाकों में आंशिक बादल और गरज के साथ बारिश की संभावना है। वहीं 18 अप्रैल को दक्षिण झारखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं।
मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। अगर बाहर जाना जरूरी हो तो पानी पर्याप्त मात्रा में पीते रहें और खुद को हाइड्रेटेड रखें। विभाग के अनुसार, 20 अप्रैल तक राज्य के अधिकतर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान मुख्य रूप से साफ बना रहेगा।

