रांची: झारखंड में सोमवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण राजधानी रांची के साथ-साथ चाईबासा और धनबाद के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। कई सड़कें पानी में डूब गई हैं, जबकि निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

रांची में सड़क और नाली का अंतर मिटा
राजधानी रांची में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में पानी भर गया है। सड़कों पर पानी जमा होने के कारण कई जगह सड़क और नाली के बीच का अंतर तक नजर नहीं आ रहा है। कांके रोड स्थित कृषि भवन के पास भी भारी जलजमाव हो गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
चाईबासा के निचले इलाके जलमग्न
पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा में सोमवार रात से जारी तेज बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। लगातार बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। कई प्रमुख मोहल्ले जलमग्न हो गए हैं, जिससे लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है।
निरसा में डायवर्सन और पाइपलाइन बही
धनबाद के निरसा क्षेत्र में भी बारिश से भारी नुकसान हुआ है। यहां डायवर्सन और पाइपलाइन बह जाने से कुमारधुबी की करीब 50 हजार की आबादी के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण इलाके में पानी की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका है। लगातार हो रही बारिश से झारखंड के कई हिस्सों में जलजमाव और आवागमन की समस्या बढ़ती जा रही है। अब लोगों की नजर बारिश के हालात के साथ-साथ प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों पर है।


