कार्मिक सचिव के अड़ियल रवैये से लटकी 300 पुलिस अधिकारियों की प्रोन्नति, वित्त मंत्री के कहने पर भी पोर्टल खोलने से इनकार

झारखंड में HRMS पोर्टल बंद होने से करीब 300 कनीय पुलिस अधिकारियों की प्रोन्नति अटक गई है। वित्त मंत्री ने कार्मिक सचिव के रवैये पर नाराजगी जताई।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में कार्मिक विभाग का मानव संपदा पोर्टल (HRMS Portal) बंद होने के कारण लगभग 300 कनीय पुलिस अधिकारी अपनी संपत्ति का ब्योरा सार्वजनिक नहीं कर पा रहे हैं, जिसके चलते उनकी प्रोन्नति (प्रमोशन) लटक गई है। खास बात यह है कि इस मामले में विभाग के सचिव प्रवीण टोप्पो अड़ियल रवैया अपनाते हुए पोर्टल खोलने को तैयार नहीं हैं। वे न तो मंत्री की बात सुन रहे हैं और न ही गृह सचिव की अनुशंसा पर विचार कर रहे हैं।

नियमों के मुताबिक, जब तक कनीय पुलिसकर्मी अपनी संपत्ति की घोषणा नहीं करेंगे, तब तक उनका वार्षिक गोपनीय प्रतिवेदन नहीं लिखा जा सकेगा। इसके कारण प्रस्तावित प्रोन्नति बोर्ड की बैठक में इन पुलिस अधिकारियों की प्रोन्नति पर विचार नहीं हो पाएगा।

समस्या से अवगत होने के बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कार्मिक सचिव प्रवीण टोप्पो को बुलाकर बात की और कहा कि यदि पोर्टल खोलने में कोई वैधानिक कठिनाई है, तो उन्हें लिखित रूप से अवगत कराया जाए। वित्त मंत्री ने तर्क दिया कि यदि पोर्टल सालभर खुला रहेगा तो इसमें क्या क्षति होगी। इसके जवाब में कार्मिक सचिव ने पोर्टल खोलने से साफ इनकार कर दिया और लिखित में भी कुछ देने से कन्नी काट ली। वित्त मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन-प्रशासन संवेदना से चलता है, हठधर्मिता से नहीं। मंत्री ने इस पूरे मामले की जानकारी मुख्य सचिव को भी दे दी है।

कार्मिक सचिव का कहना है कि यह पोर्टल वर्ष में सिर्फ एक बार जनवरी-फरवरी में ही खोलने का प्रावधान है और नियमावली में इसे सालभर खुला रखने का कोई नियम नहीं है। वहीं, वित्त मंत्री ने मुख्य सचिव से पत्राचार कर पूरे मामले की जानकारी दे दी है और गृह सचिव की अनुशंसा के बावजूद कार्मिक सचिव द्वारा सहयोग न करने पर नाराजगी जताई है। इस बीच, पोर्टल बंद रहने से करीब 300 पुलिस अधिकारियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।