Jharkhand Maoist Bela Arrested: झारखंड की मोस्ट वांटेड महिला माओवादी नेता श्रद्धा विश्वास उर्फ बेला को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बेला पर झारखंड पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था और उसके खिलाफ राज्य के विभिन्न थानों में 23 मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, कोलकाता पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उत्तर काशीपुर थाना क्षेत्र के एक ठिकाने पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि वह पश्चिम बंगाल के भांगड़ इलाके में छिपकर रह रही थी। बेला मूल रूप से नदिया जिले के चकदह क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, श्रद्धा विश्वास उर्फ बेला झारखंड और पश्चिम बंगाल में माओवादी गतिविधियों के समन्वयक के रूप में काम कर रही थी। झारखंड में सुरक्षा एजेंसियों की सख्ती बढ़ने के बाद वह पश्चिम बंगाल चली गई थी और लंबे समय से फरार थी।
मामले को लेकर अजय नंद ने बताया कि बेला ‘मोस्ट वांटेड’ सूची में शामिल थी और उसकी गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना झारखंड पुलिस को भी दे दी है। जरूरत पड़ने पर झारखंड पुलिस पूछताछ के लिए कोलकाता पहुंच सकती है।


