मिर्च पाउडर झोंककर धारदार हथियार से बेरहमी से की हत्या

News Aroma
3 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र अंतर्गत खटंगा गांव में शुक्रवार देर रात (6 जून 2025) एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई, जिसमें 21 वर्षीय चोयता सरूकद की अज्ञात अपराधियों ने धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी। इस हमले में उसका साथी सिंगा मुंडा गंभीर रूप से घायल हो गया।

वारदात रात करीब 10 बजे खटंगा और कोचाडीह गांव के बीच स्थित एक पुलिया के पास हुई। पुलिस ने शनिवार को चोयता के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, जबकि घायल सिंगा का इलाज खूंटी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

पूरी योजना के साथ अंजाम दी गई वारदात

चोयता के चाचा तुरी मुंडा ने बताया कि चोयता और सिंगा सोयको साप्ताहिक हाट से बाइक पर लौट रहे थे। हमलावरों ने पूरी योजना के तहत इस वारदात को अंजाम दिया। घायल सिंगा ने ग्रामीणों को बताया कि उनकी बाइक के आगे और पीछे हमलावरों की बाइक थी। खटंगा-कोचाडीह के बीच पुलिया पर पहुंचते ही हमलावरों ने उन्हें घेर लिया।

पहले उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, जिससे दोनों असहाय हो गए। इसके बाद धारदार हथियारों से चोयता पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी, जबकि सिंगा को गंभीर रूप से घायल कर हमलावर फरार हो गए।

घायल को ग्रामीण की मदद से पहुंचाया अस्पताल

घायल सिंगा कुछ देर तक सड़क पर पड़ा रहा। उसी दौरान बाड़ी गांव से खटंगा आए एक व्यक्ति ने उसे देखा। वह अपनी बाइक से वापस लौट रहा था। उसने सिंगा को बाइक पर बैठाकर खटंगा गांव पहुंचाया।

ग्रामीणों की मदद से सिंगा को रात में ही खूंटी सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया। शनिवार सुबह घटनास्थल पर चोयता का शव बरामद हुआ।

घटना के बाद खटंगा गांव में ग्रामसभा की आपात बैठक बुलाई गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मुरहू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेजा।

मुरहू थाना प्रभारी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है और हत्या के पीछे के मकसद की जांच कर रही है।

Share This Article