झारखंड आंदोलनकारी को श्रद्धांजलि देने पैतृक आवास पहुंचे CM हेमंत सोरेन

News Aroma
2 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को झारखंड आंदोलनकारी और सामाजिक कार्यकर्ता स्वर्गीय कपूर कुमार टुडू (कपूर बागी) को श्रद्धांजलि अर्पित की। सीएम अपनी पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन तथा मां रूपी सोरेन के साथ सरायकेला-खरसावां के चांडिल स्थित चिलगू-चाकुलिया में कपूर कुमार के पैतृक आवास पहुंचे।

उन्होंने कपूर कुमार की तस्वीर पर माल्यार्पण कर नमन किया और शोकाकुल परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कपूर कुमार टुडू ने झारखंड आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और समाजसेवा में हमेशा समर्पित रहे। उनका निधन परिवार और पूरे झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। सीएम ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव सहायता के लिए उनके साथ है और कपूर कुमार के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता, स्थानीय विधायक और कार्यकर्ता मौजूद थे। मुख्यमंत्री के आगमन पर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और शुभचिंतक भी पहुंचे, जिन्होंने कपूर कुमार को श्रद्धांजलि दी।

कपूर कुमार टुडू मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के फुफेरे भाई थे। लंबी बीमारी के बाद 6 मई 2025 को उनका निधन हो गया। वे अपनी मां, पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को पीछे छोड़ गए हैं।

Share This Article