कुएं से मिली महिला की लाश, पति और ससुर गिरफ्तार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Budhmu Woman’s Body Found in Well: बुढ़मू थाना (Budhmu Police station) क्षेत्र के उमेडंडा स्थित नवदा टोली के कुएं से एक महिला का शव (Dead Body) पुलिस ने बुधवार को बरामद किया है।

महिला की पहचान निशा देवी के रुप में हुई है। वह नवदा गांव के ही संजय गंझू की पत्नी है। महिला कई दिनों से गायब थी। मृतका के परिजनों के शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति संजय गंझू और ससुर सहदेव गंझू को गिरफ्तार किया है।

परिजनों का आरोप है कि ससुराल में निशा के साथ मारपीट की गयी थी। इसके बाद निशा और उसके पति को मायके से समझा-बुझाकर भेजा गया था। ससुराल पहुंचने के बाद से निशा गायब थी।

निशा के परिजनों ने बुढ़मू थाने में दिये आवेदन में कहा है कि 24 मई को निशा का पति संजय गंझू, ससुर सहदेव गंझू और सास उर्मिला देवी ने निशा देवी के साथ मारपीट की थी।

इसके बाद वे लोग निशा को चुरूगड़ा में भुगल गंझू के घर के पास छोड़कर चले गये। बाद में निशा की मां राजमुनी देवी ने संजय को समझाया और दोबारा मारपीट नहीं करने की सलाह दी। 25 मई को दोनों को समझा-बुझाकर नवदा भेजा गया। 25 मई से ही निशा ससुराल से गायब थी।

निशा के मायके वालों को जब उसके गायब होने की जानकारी मिली तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान बुधवार सुबह निशा का शव नवदा में एक कुएं से बरामद किया गया।

निशा का विवाह 2020 में संजय गंझू के साथ हुआ था। उसकी दो वर्ष की एक बेटी भी है। थाना प्रभारी रामजी ने बताया कि मृत महिला के मां के बयान पर FIR दर्ज किया गया है।

Share This Article