कुख्यात अपराधी नितेश शर्मा उर्फ राहुल शर्मा गिरफ्तार, लोडेड पिस्तौल और चाकू बरामद

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand News: पलामू के मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के कान्दू मुहल्ला में शुक्रवार (9 मई 2025) देर रात पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की। गोरहो मंदिर के पास वारदात की साजिश रच रहे कुख्यात अपराधी नितेश शर्मा उर्फ राहुल शर्मा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल, एक जिंदा गोली और चाकू बरामद हुआ।

नितेश कान्दू मुहल्ला का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

मेदिनीनगर शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर देवव्रत पोद्दार ने शनिवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।

पलामू पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर T.O.P-2 के प्रभारी सहायक अवर निरीक्षक राकेश कुमार ने टाइगर मोबाइल दल के साथ त्वरित कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने गोरहो मंदिर जाने वाले रास्ते के पास एक गली में सर्च ऑपरेशन चलाया। वहां अंधेरे में झाड़ियों के पास 3-4 लोग छिपे दिखे। पुलिस को देखते ही सभी भागने लगे, लेकिन नितेश शर्मा को दबोच लिया गया।

तलाशी में उसके पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल और चाकू मिला।

पूछताछ में खुलासा

पूछताछ में नितेश ने खुलासा किया कि वह तेजा उर्फ विशाल शर्मा और दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बड़ी वारदात की साजिश रच रहा था। नितेश 13 अप्रैल 2025 को रेलवे स्टेशन के पास हुई पुलिस कार्रवाई के दौरान फरार हो गया था।

उसके खिलाफ डकैती, लूट, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 6 मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसके बयान के आधार पर अन्य फरार अपराधियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Share This Article