पेसा नियमावली को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है सरकार : दीपिका पांडेय सिंह

ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पेसा नियमावली 2025 को प्रभावी ढंग से लागू करने की प्रतिबद्धता जताई, आदिवासी स्वशासन और ग्राम सभाओं को मजबूत बनाने पर जोर दिया

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार पेसा नियमावली को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। वो शुक्रवार को अपने रांची स्थित आवासीय कार्यालय में माझी परगना महल, पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावाँ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से बोल रही थीं। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार आदिवासी समाज की परंपराओं, अधिकारों और स्वशासन की भावना के सम्मान के साथ पेसा नियमावली को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है और विभाग को आवश्यक दिशानिर्देश दिए जा चुके हैं। हमारा उद्देश्य पारंपरिक ग्राम सभाओं को न सिर्फ़ सशक्त बनाना है बल्कि जनजातीय समुदाय को उनके अधिकारों, परंपराओं और स्वशासन की भावना के अनुरूप विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

इस अवसर पर पेसा नियमावली, 2025 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए गए। प्रतिनिधिमंडल ने आग्रह किया कि ग्राम सभा के गठन, सत्यापन, सीमांकन एवं प्रकाशन की प्रक्रिया में पारंपरिक आदिवासी स्वशासन व्यवस्था के प्रतिनिधियों परगना बाबा, मानकी बाबा, हातु मुंडा एवं माझी बाबाओं की सक्रिय भागीदारी को प्राथमिकता में रखा जाए, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी एवं जनविश्वास के अनुरूप हो। साथ ही पारंपरिक ग्राम सभा की अध्यक्षता पेसा नियमावली के प्रावधानों के अनुरूप अनुसूचित जनजाति समुदाय के योग्य व्यक्ति द्वारा की जाए और स्थानीय भाषा में प्रशिक्षण देकर पारंपरिक नेतृत्व को ग्राम सभा संचालन के लिए सक्षम बनाया जाए।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।