

रांची: कोलकाता के साउथ सिटी इंटरनेशनल स्कूल में 30 अगस्त को आयोजित होने वाली आगामी ‘कोलकाता ओपन चैंपियंस ट्रॉफी कराटे चैंपियनशिप’ में झारखंड का प्रतिनिधित्व करने के लिए राज्य के दो होनहार खिलाड़ी अंजली कुमारी और प्रणीत मोहक मिंज पूरी तरह तैयार हैं। सिकोकई कराटे इंटरनेशनल झारखंड के प्रणीत मोहक मिंज लड़कों के 8 से 10 वर्ष आयु वर्ग में काता तथा 10 वर्ष वर्ग में कुमिते स्पर्धा में पार्टिसिपेट करेंगे। वहीं, लड़कियों के वर्ग में अंजली कुमारी 15 वर्ष आयु वर्ग के काता और 40 किलोग्राम से कम वजन वर्ग की कुमिते स्पर्धा में हिस्सा लेंगी।





इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप का विधिवत उद्घाटन 30 अगस्त को सुबह 10 बजे निर्धारित है, जिसमें कराटे इंडिया ऑर्गेनाइजेशन के ट्राइबल एवं माइनॉरिटी कमीशन के चेयरमैन रेंशी सुनील किस्पोट्टा बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे। सुनील किस्पोट्टा ने बताया कि राज्य के ये दोनों खिलाड़ी पिछले कई दिनों से कड़ी मेहनत कर रहे हैं। इंटरनेशनल मार्शल आर्ट एकेडमी के अध्यक्ष संसाई अनिल किस्पोट्टा और राकेश तिर्की ने दोनों एथलीटों को विशेष तकनीकी प्रशिक्षण दिया है, जिससे उनके पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करने की पूरी संभावना बनी हुई है। अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के बाद झारखंड की यह टीम 29 अगस्त को वंदे भारत एक्सप्रेस से कोलकाता के लिए रवाना होगी।
