झारखंड : जंगल में युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के 28 दिन बाद आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सरायकेला: जिलान्तर्गत कांड्रा थाना क्षेत्र के पिंडराबेड़ा जंगल में युवती के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म की घटना के 28 दिन बाद पुलिस ने जनप्रतिनिधियों के सहयोग से दोनों आरोपियों को जमशेदपुर के परसुडीह से गिरफ्तार किया है।

विगत 11 जनवरी को घटित उक्त घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी जिला पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी।

इस घटना का उद्भेदन करते हुए एसपी मोहम्मद अर्शी ने बताया कि, पिंडराबेड़ा सुनसान जंगल के झाड़ी में युवती के साथ पूर्वी सिंहभूम परसुडीह थाना क्षेत्र के रहने वाले बुद्धे कालिंदी उर्फ काला कालिंदी और दिनेश बेहरा ने जबरन दुष्कर्म किया था।

उसके बाद दोनों आरोपी बिना नंबर प्लेट के पल्सर मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। इधर बिना किसी सुराग के पुलिस आरोपियों के गिरफ्तारी को लेकर काफी प्रयास कर रही थी, लेकिन सुराग न मिलने के कारण आरोपी पुलिस के गिरफ्त से बाहर था।

पुलिस ने इसके लिए आसपास के गांवों के सभी जनप्रतिनिधि, मुखिया, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत समिति के सदस्यों से भी सहयोग लिया।

अंततः दोनों दुष्कर्मी की पहचान की गई और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से घटना के बाद भागने में प्रयोग किए गए बिना नंबर प्लेट के पल्सर मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन और एक नंबर प्लेट भी बरामद किया है।

एसपी ने बताया कि जैसे ही पुलिस ने दोनों आरोपियों के स्केच और हुलिया जारी किया था, वैसे ही दोनों ने अपना हुलिया और वेशभूषा भी बदल लिया था।

बावजूद इसके पुलिस ने जनप्रतिनिधि और बेहतरीन टीम वर्क का मिसाल पेश करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार दोनों आरोपियों ने दुष्कर्म कांड को अंजाम देने की बात भी स्वीकार कर लिया है।

Share This Article