
रांची: बड़ी खबर राजधानी रांची से सामने आ रही है। जहां रातू थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पुलिस महकमे को झकझोर दिया। फुटकलटोली स्थित राइस मिल के पास यह हादसा हुआ, जिसमें एक महिला पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, महिला पुलिसकर्मी किसी जरूरी काम से गुजर रही थीं, तभी यह भीषण सड़क दुर्घटना हुई। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही रातू थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक महिला कर्मी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक महिला पुलिसकर्मी की पहचान और अन्य जरूरी विवरण जुटाए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

