रांची: झारखंड पुलिस पहली बार 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 की मेजबानी करने जा रही है। राष्ट्रीय स्तर की इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 26 अक्टूबर तक राजधानी रांची के खेलगांव (होटवार) स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के एकलव्य तीरंदाजी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस मैदान में किया जाएगा। दुर्गा पूजा के ठीक बाद आयोजित होने वाले इस बड़े खेल आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए राज्य की डीजीपी तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में एक आयोजन समिति का गठन किया गया है। मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में हुई बैठक के दौरान डीजीपी ने सभी सदस्यों को तैयारियां समयबद्ध तरीके से शुरू करने के निर्देश दिए।

प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए एक व्यवस्थापक समिति और 16 अलग-अलग उप-समितियां बनाई गई हैं, जिनमें एडीजी (जैप) प्रिया दुबे को आयोजन सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, मुख्य समिति में एडीजी मनोज कौशिक, आईजी प्रभात कुमार, पंकज कम्बोज, असीम विक्रांत मिंज और सुनील भास्कर सहित 41 वरिष्ठ आईपीएस व पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है। खिलाड़ियों के आवास, सुरक्षा, स्वागत, खेल संचालन, परिवहन और चिकित्सा जैसी व्यवस्थाओं के लिए बनाई गई इन समितियों के समन्वय तथा रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए 5 अक्टूबर से जैप-10 परिसर में 24 घंटे काम करने वाला कंट्रोल रूम सक्रिय हो जाएगा। वहीं, देश भर से जुटने वाले वीवीआईपी, वीआईपी, विभिन्न राज्यों और अर्द्धसैनिक बलों की टीमों की सुरक्षा का जिम्मा आईजी (विशेष शाखा) प्रभात कुमार को सौंपा गया है।


