
झारखंड: झारखंड के बहुचर्चित उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले में जेल में बंद छह आरोपियों को अदालत से बड़ा झटका लगा है। इस मामले की सुनवाई अपर न्याययुक्त योगेश कुमार की अदालत में पूरी हुई, जहां दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों की जमानत याचिका खारिज कर दी।
जिन आरोपियों की जमानत अर्जी खारिज हुई है, उनमें रंजीत कुमार, गुलाब चंद, बुलबुल पांडे, आशीष कुमार, विकास कुमार और योगेश प्रसाद शामिल हैं। सभी पर अंतरराज्यीय पेपर लीक और सॉल्वर गिरोह से जुड़े होने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, इस पूरे मामले में अब तक 150 से अधिक आरोपियों को जमानत मिल चुकी है, जबकि 11 अप्रैल को तमाड़ के रड़गांव पुलिस द्वारा 166 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें गिरोह के कथित सरगना और सदस्य भी शामिल बताए जाते हैं।
जांच में सामने आया है कि गिरोह के एजेंट अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र के उत्तर रटवाने में शामिल थे और उन्हें एक स्थान पर इकट्ठा कर परीक्षा की तैयारी कराई जा रही थी। मामला अभी भी जांच के दायरे में है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

