
धनबाद : जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र से सोमवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाइक सवार एक युवक को गोली लगने के बाद उसकी बाइक लूटे जाने की सूचना मिली। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है और मामले के तार कोयला खनन क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान बोकारो जिले के दुग्दा थाना क्षेत्र स्थित अटारी गांव निवासी रवि बख्श राय के रूप में हुई है। रवि ने पुलिस को बताया कि वह अपने एक मित्र के साथ बाइक से देवघर जा रहा था। इसी दौरान तोपचांची बाजार के समीप दो बाइक पर सवार अपराधियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी, जिसमें दो गोलियां उसके पैरों में लगीं। इसके बाद हमलावर उसकी बाइक लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल, तोपचांची थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस को घायल और उसके साथ मौजूद लोगों के बयान में कई विरोधाभास मिले, जिससे पूरे घटनाक्रम पर संदेह गहरा गया।
पुलिस का मानना है कि घटना के पीछे की वास्तविक कहानी कुछ और भी हो सकती है। शुरुआती जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि मामला कोयला खनन क्षेत्र में वर्चस्व को लेकर चल रहे विवाद या आपसी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

