
रांची : झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू और तेलंगाना के उप मुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क शुक्रवार को रांची पहुंचेंगे। जानकारी के मुताबिक, दोनों नेता झामुमो सुप्रीमो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करेंगे। इस दौरान राज्यसभा चुनाव और सीट बंटवारे को लेकर अहम चर्चा होने की संभावना है।
कांग्रेस की ओर से गठबंधन में एक सीट की मांग रखी जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पार्टी चाहती है कि राज्यसभा की एक सीट से कांग्रेस उम्मीदवार चुनाव लड़े। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ होने वाली बैठक में विस्तार से बातचीत की जाएगी। राज्यसभा चुनाव को लेकर महागठबंधन के भीतर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है । अब सभी की नजर इस बैठक पर टिकी हुई है।

