रांची: झारखंड राज्यसभा चुनाव का मुकाबला दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। जीत-हार का गणित भी लगभग साफ नजर आ रहा है। लेकिन इस चुनाव में एक वोट ऐसा है, जिसने राजनीतिक गलियारों में उत्सुकता और चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। यह वोट है डुमरी विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता जयराम महतो का।

राज्यसभा चुनाव को लेकर मीडिया से बातचीत में जयराम महतो ने संकेत दिए कि उनके लिए यह सिर्फ एक राजनीतिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि झारखंड की पहचान और उसके मूल स्वरूप से जुड़ा मुद्दा भी है। उन्होंने कहा कि झारखंड सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष और आंदोलन का परिणाम है। ऐसे में राज्य का प्रतिनिधित्व कौन करेगा, इस पर चर्चा होना स्वाभाविक है।

झारखंडी पहचान का मुद्दा उठाया
जयराम महतो ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के पीछे वर्षों का संघर्ष रहा है। इसलिए राज्य के प्रतिनिधित्व में स्थानीय समाज और यहां की मूल भावना को महत्व मिलना चाहिए। उन्होंने मूलवासी, आदिवासी और झारखंडी समाज की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया। हालांकि उन्होंने किसी उम्मीदवार का नाम नहीं लिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि प्रमुख दलों के उम्मीदवार स्थानीय झारखंडी नहीं हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
किसे मिलेगा जयराम महतो का समर्थन?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जयराम महतो का वोट आखिर किस उम्मीदवार के पक्ष में जाएगा। क्या उनका फैसला राजनीतिक समीकरणों के आधार पर होगा या फिर झारखंडी पहचान और स्थानीय प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी जाएगी? फिलहाल जयराम महतो ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। उन्होंने किसी भी उम्मीदवार के समर्थन की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। लेकिन उनके हालिया बयान ने राज्यसभा चुनाव की चर्चा को सिर्फ संख्या बल तक सीमित नहीं रहने दिया है। मतदान की घड़ी नजदीक आती जा रही है, लेकिन जयराम महतो का अंतिम फैसला अब भी रहस्य बना हुआ है। ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि चुनाव के दिन उनका वोट किसके खाते में जाएगा।


