तपोवन मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की घोषणा

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: रामनवमी के अवसर पर रविवार को श्रद्धा और आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है।

हर तरफ जयश्रीराम के उद्घोष गूंज रहे हैं। हजारों-हज़ार की संख्या में श्रद्धालु श्रीरामनवमी की परंपरागत शोभायात्रा में शामिल हुए।

भक्तों में भगवान श्रीराम के प्रति अटूट एवं असीम श्रद्धा सागर उमड़ता दिखा।मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भी तपोवन मंदिर निवारनपुर में पूजा अर्चना की और लोगों को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर में विधिवत तरीके से पूजा-अर्चना कर राज्य एवं राज्यवासियों के सुख-समृद्धि और अमन-चैन की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामनवमी की परंपरागत शोभायात्रा लंबे समय से चलती आ रही है। यह अनवरत चलती रहे, यह हम सभी भगवान श्रीराम से कामना करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सड़कों पर उतरा श्रद्धालुओं का सैलाब यह बता रहा है कि जन-जन के सीने में भगवान श्री राम बसे हैं।

मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम हम सभी के शरीर में इतना ताकत भरते हैं, जिसके कारण कोने-कोने से श्रद्धालु आज यहां आकर भगवान श्रीराम के चरणों में मत्था टेक आशीर्वाद ले रहे हैं और साथ में श्री रामनवमी शोभायात्रा की शोभा बढ़ा रहे हैं। रामनवमी का त्यौहार हम सभी को एकजुट और मजबूती प्रदान करता है।

तपोवन मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा करते हुए कहा कि तपोवन मंदिर का सौंदर्यीकरण सरकार कराएगी। यह कार्य अगले वर्ष रामनवमी के पहले पूर्ण कर लिया जाएगा। यहां श्रद्धालुओं के लिए कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी।

Share This Article