झारखंड में आज भी बदला मौसम का मिजाज, रांची में तेज आंधी और बारिश के आसार, वज्रपात से रहें सावधान

झारखंड में मौसम का कहर जारी: रांची समेत कई जिलों में तेज आंधी, वज्रपात और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का अलर्ट, उड़ानों पर भी असर।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से झारखंड का मौसम लगातार दूसरे दिन बदला-बदला नजर आया। मौसम केंद्र ने राज्य के लगभग सभी जिलों के लिए मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को खासकर उत्तर-पश्चिमी भाग में गर्जन के साथ बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 18 से 20 मार्च तक यह स्थिति बनी रह सकती है। कई जगह हल्की से मध्यम बारिश होगी, वहीं 21 मार्च तक आकाश में बादल छाए रहने और बीच-बीच में तेज हवा चलने की संभावना है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने, पेड़ों के नीचे न रहने और सुरक्षित जगह पर रहने की सलाह दी गई है।

रांची में आंधी-बारिश से नुकसान

सोमवार शाम को राजधानी में मौसम ने करवट ली। घने बादलों के बीच तेज आंधी और गरज के साथ हल्की बारिश हुई। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवा के कारण कडरू मेन रोड स्थित सोरोस बार के ओपन रूफ टॉप का शेड उड़कर स्काईलाइन बिल्डिंग के नीचे गिर गया, जिससे कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शहर में हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि आसपास के क्षेत्रों में कई स्थानों पर अच्छी बारिश हुई।

खराब मौसम से उड़ानें प्रभावित, दो विमान डायवर्ट

रांची एयरपोर्ट पर सोमवार शाम खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। मुंबई और बेंगलुरु से आने वाले इंडिगो के दो विमानों को रांची के बजाय कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा। बाद में मुंबई से आने वाला विमान रात करीब 11 बजे रांची पहुंच सका। इसके अलावा दिल्ली, चेन्नई, भुवनेश्वर और बेंगलुरु जाने वाली कई उड़ानें भी देर से रवाना हुईं। बेंगलुरु से कोलकाता डायवर्ट हुआ एक विमान बाद में रद्द कर दिया गया, जिससे रांची एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे डेढ़ सौ से अधिक यात्रियों को वापस लौटना पड़ा।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।