

रामगढ़ : रामगढ़ ज़िले में सोमवार को हाथियों के झुंड ने दो महिलाओं को कुचल दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे रजरप्पा थानाक्षेत्र के बरकीपोना गांव में हुई, जब दोनों महिलाएं खेत में काम कर रही थीं।





हाथियों ने बड़कीपोना पंचायत अंतर्गत डाड़ीटुंगरी निवासी भानो देवी (50 वर्ष), पति फुलेश्वर महतो को हाथियों ने कुचलकर मार डाला। इस झुंड में दो बच्चों के साथ करीब 15 हाथी शामिल हैं। वहीं, गांव में एक महिला और एक पुरुष के घायल होने की सूचना है।
बताया जाता है कि हाथियों का झुंड अहले सुबह बड़कीपोना के बघलता की ओर से गांव पहुंचा। इसी दौरान डाड़ीटुंगरी में अपनी बारी में कृषि कार्य कर रही भानो देवी का सामना हाथियों से हो गया। हाथियों ने उन्हें कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
इसके अलावा हाथियों के हमले में गंभीर रूप से घायल सबीना खातून की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही हाथियों के हमले में जान गंवाने वाली महिलाओं की संख्या बढ़कर दो हो गई है।
घटना के बाद हाथियों का झुंड बड़कीपोना रेलवे स्टेशन और ईदगाह मैदान की ओर बढ़ गया। इससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गयी। फिलहाल हाथियों का झुंड बड़कीपोना रेलवे ओवरब्रिज के समीप झाड़ियों से निकल कर लारी रोड होते हुए मायल स्टेशन की ओर चला गया। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ग्रामीण अपने घरों की छतों पर चढ़ गये।
