मुख्यमंत्री विजय के कार्यकाल के 100 दिन: सरकार ने कहा- कई परिवर्तनकारी बदलाव हुए

मुख्यमंत्री विजय की सरकार ने 100 दिनों में महिला सुरक्षा, कल्याण योजनाओं, निवेश, किसानों की मदद, कौशल विकास और मुफ्त बिजली जैसे कदमों को अपनी बड़ी उपलब्धियां बताया।

Razi Ahmad
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चेन्नई: तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में एक क्रांतिकारी बदलाव लाने की दिशा में अहम कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।

तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल के पहले 100 दिनों पर एक आधिकारिक वीडियो और कई ‘इन्फोग्राफिक्स’ जारी किया। वहीं तमिलनाडु मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओटी) ने प्रारंभिक 100 दिनों के शासन को ‘‘आने वाली पीढ़ियों के लिए शासन’’ बताया।

इस मल्टीमीडिया विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकार ने चुनावी वादों को तेजी से और निर्णायक तरीके से लागू करने का प्रयास किया है तथा राज्य के दीर्घकालिक विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं।

इस 100 दिनों की रिपोर्ट में भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष ‘‘सिंगापेन’’ कार्यबल की तैनाती और युवाओं को नशे से बचाने के लिए राज्यव्यापी मादक पदार्थ विरोधी अभियान का उल्लेख किया गया है।

‘इन्फोग्राफिक्स’ में आर्थिक उपलब्धियों को भी प्रमुखता से दिखाया गया है। इनमें ‘वेत्री तमिलनाडु निवेश सम्मेलन’ के माध्यम से 1.02 लाख करोड़ रुपये के निवेश जुटाना, वेत्री आवास योजना शुरू करना, सीमांत किसानों के लिए कृषि ऋण माफी और तमिलनाडु राज्य विपणन निगम (टीएएसएमएसी) की 717 शराब दुकानों को बंद करना शामिल है।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा कि वीडियो और दृश्य सामग्री से पता चलता है कि सरकार संस्थागत जवाबदेही, तेज बुनियादी ढांचा विकास और समावेशी कल्याण योजनाओं पर केंद्रित है, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।

वीडियो और दृश्य सामग्री से पता चलता है कि सरकार संस्थागत जवाबदेही, तेज बुनियादी ढांचा विकास और समावेशी कल्याण योजनाओं पर केंद्रित है, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।

वीडियो में प्रशासन की अपने वादों को पूरा करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को भी उजागर किया गया है।

‘इन्फोग्राफिक्स’ में कई कल्याणकारी योजनाओं का भी विशेष उल्लेख किया गया है, जिनमें नवजात बच्चों को ‘थाईमामन थंगा मोथिरम’ (मामा की ओर से स्वर्ण अंगूठी) योजना के तहत एक ग्राम सोने की अंगूठी, पात्र महिलाओं को विवाह उपहार के रूप में आठ ग्राम सोने का सिक्का और रेशमी साड़ी, वेत्री कौशल प्रशिक्षण योजना, स्कूली बच्चों के लिए पेरुंथलैवर कामराजर नाश्ता योजना, गरीबों के लिए आवास योजना और 200 यूनिट मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं शामिल हैं।

तमिलनाडु विधानसभा के अध्यक्ष जे. सी. डी. प्रभाकर ने सोमवार को सदन में मुख्यमंत्री की सामाजिक कल्याण से जुड़ी पहल की तारीफ करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय के कार्यकाल के 100 दिन पूरे होना तमिलनाडु के इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जिससे पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त शासन की शुरुआत हुई है।

सामाजिक कल्याण, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के लिए कौशल विकास एवं राज्य में रोजगार के अवसर पैदा करने की कोशिशों जैसे कई कार्यों के लिए मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि विजय ने साबित कर दिया है कि मौजूदा (टीवीके) सरकार जनता की सरकार है।

प्रभाकर ने कहा, ‘‘कार्यकाल के शुरुआती 100 दिन तमिलनाडु के इतिहास में एक नया बदलाव लेकर आया है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की सुरक्षा, सामाजिक कल्याण योजनाओं, 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने, सहकारी कृषि ऋण माफ करने, गरीबों के लिए अच्छे मकान बनवाने, कौशल विकास योजनाओं जैसे कई सराहनीय कदम उठाए हैं, जिससे साबित होता है कि यह जनता की सरकार है।’’

अध्यक्ष ने कहा, ‘‘यह उपलब्धि तमिलनाडु के भविष्य के सपनों को साकार करने के लिए मजबूत आधार तैयार करती है और राज्य में पारदर्शी एवं भ्रष्टाचार मुक्त शासन स्थापित करने के साथ इसे समृद्ध और मजबूत बनाने की दिशा में मदद करेगी।’’

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।