सेना के जवान के पार्थिव शरीर को ले जा रही एम्बुलेंस की ट्रक से टक्कर में चार लोगों की मौत

सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सेना के जवान के पार्थिव शरीर को ले जा रही एम्बुलेंस की ट्रक से टक्कर में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

सुलतानपुर (उप्र): सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एक जवान के पार्थिव शरीर को ले जा रही सेना की एम्बुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई, जिससे जवान के परिवार के तीन सदस्यों और एम्बुलेंस चालक की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सेना की एम्बुलेंस चंडीगढ़ से सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जिले में उनके पैतृक गांव गलिया दुधैला जा रही थी। एम्बुलेंस में जवान के भाई राजन सिंह चौधरी (35), भतीजे राम समुझ सिंह (40), पुत्र गौरव सिंह (28) और चालक जसपाल (30) सवार थे।

पुलिस ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे हलियापुर क्षेत्र में अयोध्या-सुलतानपुर सीमा के पास एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजन सिंह चौधरी और राम समुझ सिंह ने अयोध्या जिले के कुमारगंज स्थित सौ शैय्या अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर को आगे की व्यवस्था होने तक हलियापुर थाने के परिसर में रखा गया है।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के साथ उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि चारों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं और उनके परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।