

रांची : पिठोरिया थाना क्षेत्र के कुरकुरिया इलाके में बिजली के तार चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग क्षेत्र में विद्युत तार चोरी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुरकुरिया क्षेत्र में छापेमारी की।





छापेमारी के दौरान पुलिस ने कौसर अंसारी (32 वर्ष), निवासी साहेर बस्ती, नगड़ी थाना क्षेत्र को चार बंडल विद्युत तार के साथ पकड़ा। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए टेंपो (JH01CE4668) को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से नगड़ी थाना में तीन मामले दर्ज हैं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
छापेमारी टीम में पिठोरिया थाना प्रभारी सतीश कुमार, पुलिस पदाधिकारी सुनील कुमार दास, सहायक अवर निरीक्षक रमेश कुमार और पिठोरिया थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
