

रांची: झारखंड में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूली बच्चों के लिए बड़ा फैसला लिया है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने सभी स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है, जो 21 अप्रैल 2026 से पूरे राज्य में लागू होगा। सरकार के इस नए फैसले के बाद अब केजी से कक्षा 8 तक के छात्रों की पढ़ाई सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक होगी। वहीं कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूल का समय थोड़ा बढ़ाकर सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तय किया गया है। यानी अब सभी स्कूलों की कक्षाएं अधिकतम दोपहर 12 बजे तक ही चलेंगी, ताकि बच्चों को तेज धूप और लू से राहत मिल सके और उनकी सेहत पर असर न पड़े।





इसके साथ ही स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे शेष समय में गैर-शैक्षणिक कार्य पूरे करें। सरकार के इस फैसले के बाद अभिभावकों के बीच राहत और संतोष का माहौल देखने को मिल रहा है, क्योंकि अब बच्चों को गर्मी की मार से कुछ हद तक बचाव मिलेगा।
