
Victim Compensation Scheme : झारखंड सरकार ने अपराध पीड़ितों और उनके आश्रितों को राहत देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अंतर्गत अभियोजन निदेशालय ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘झारखंड विक्टिम कंपनसेशन स्कीम 2012 (संशोधित)’ के तहत 10.04 करोड़ रुपये की राशि जारी की है। यह राशि राज्य के 13 जिलों में पीड़ितों को आर्थिक सहायता देने के लिए आवंटित की गई है।
इन 2 जिलों को मिला सबसे ज्यादा फंड
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक गुमला और धनबाद जिले को सबसे अधिक 2-2 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं सरायकेला-खरसावां, गोड्डा, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), लातेहार और सिमडेगा को 1-1 करोड़ रुपये दिए गए हैं।
अन्य जिलों को कितना मिला?
कोडरमा – 60.50 लाख रुपये
रामगढ़ – 60.25 लाख रुपये
खूंटी – 18 लाख रुपये
साहिबगंज – 12 लाख रुपये
दुमका – 6 लाख रुपये
सिर्फ पीड़ित मुआवजा योजना में होगा खर्च
अभियोजन निदेशक राज कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि इस राशि का उपयोग केवल पीड़ित प्रतिकर (Victim Compensation) योजना के तहत ही किया जाएगा। फंड का किसी अन्य प्रशासनिक या विकास कार्य में इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
जिलों को सौंपी गई जिम्मेदारी
सरकार ने संबंधित जिलों के उपायुक्त (DC) और निकासी पदाधिकारियों को खर्च की गई राशि का सत्यापन और रिपोर्ट समय पर जमा करने का निर्देश दिया है, ताकि योजना में पारदर्शिता बनी रहे।
सरकार के इस फैसले से राज्य के सैकड़ों पीड़ित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

