बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात के कारण 28 से 30 अक्टूबर तक भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

झारखंड में चक्रवाती तूफान के असर से 27 अक्टूबर से मौसम बदलेगा। रांची समेत कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका है, जबकि रात की ठंड बढ़ेगी।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: बंगाल की खाड़ी में पहुंचे चक्रवाती तूफान के कारण निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिससे 27 अक्टूबर से झारखंड के मौसम में बड़ा बदलाव आने की पूरी संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 27 अक्टूबर को आकाश में बादल छाए रहेंगे और झारखंड के दक्षिण-पूर्व, उत्तर-पूर्व तथा मध्य क्षेत्र में कहीं-कहीं वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है।

विशेष रूप से 28 अक्टूबर से इसका व्यापक असर लगभग पूरे झारखंड पर पड़ने की उम्मीद है। 28 अक्टूबर यानी बुधवार से रांची सहित राज्य के लगभग सभी जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात के साथ भारी बारिश हो सकती है। ये स्थिति 30 अक्टूबर तक बनी रहने की संभावना है। इसके बाद चक्रवाती तूफान के नेपाल की ओर बढ़ने और कमजोर होने की संभावना है, जिससे 31 अक्टूबर और 1 नवंबर से धीरे-धीरे मौसम साफ होने लगेगा। मौसम विभाग के अनुसार, यह चक्रवाती तूफान थाईलैंड के बाद उत्तरी अंडमान सागर से होकर शुक्रवार को बंगाल की खाड़ी में पहुंचा है और इसके अगले दो दिनों तक बंगाल क्षेत्र में ही रहने की संभावना है।

रांची का तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस गिरा

दूसरी ओर, शुक्रवार को रांची के अधिकतम तापमान में पिछले 24 घंटे के दौरान 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 15.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जिससे शहर में रात के समय ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश होने के बाद ठंड में और अधिक वृद्धि हो सकती है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।