रांची: जापान के आइची-नागोया में चल रहे पांचवें पैरा एशियाई खेलों में झारखंड के दो खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अलग-अलग खेलों में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर राज्य और देश का मान बढ़ाया है। दोनों खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत तमाम नेताओं और खेल प्रेमियों ने उन्हें बधाई दी है।

तीरंदाजी की पुरुष रिकर्व युगल स्पर्धा के फाइनल मुकाबले में भारतीय तीरंदाज हरविंदर सिंह और चाईबासा के विजय सुंडी की जोड़ी ने चीन की जोड़ी को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत में पश्चिमी सिंहभूम के पैरा तीरंदाज विजय सुंडी की अहम भूमिका रही। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को हराया और फाइनल में चीन को मात दी। विजय सुंडी ने लगातार चौथी बार अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
लोहरदगा के शास्त्री नगर ढोढा टोली की रहने वाली संजना कुमारी ने पैरा बैडमिंटन स्पर्धा के महिला एकल एसएल-3 वर्ग में कांस्य पदक जीता है। पहली बार एशियाई गेम्स में हिस्सा ले रही संजना को सेमीफाइनल मुकाबले में जापान की शिनो से 21-7, 21-9 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।


