रांची: शहर और बाहरी इलाकों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन कराने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने 100 नए हाइटेक कैमरे लगाने की योजना बनाई है। इसके लिए परिवहन विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है, ताकि कैमरों की मदद से ओवरस्पीडिंग और ट्रैफिक सिग्नल तोड़ने वाले वाहनों का ऑनलाइन चालान काटा जा सके। इसके साथ ही दुर्घटना संभावित इलाकों में वाहनों की गति सीमा भी तय की जाएगी। इससे दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना जताई गई है।

प्रस्ताव के अनुसार, तिलता चौक, दलादली, नेवरी, आईटीबीपी ट्रांसपोर्ट नगर, ब्लॉक चौक और काठीटांड़ समेत शहर के बाहरी इलाकों में कैमरे लगाए जाएंगे। रांची के बाहरी इलाकों में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं और लापरवाह ड्राइविंग पर अंकुश लगाने के लिए यह योजना तैयार की गई है। तेज रफ्तार और ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के कारण दूसरे लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है, ऐसे में प्रमुख चौक-चौराहों, व्यस्त मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाएगी।
ओवरस्पीड़िंग पर भी होगी नजर
प्रस्तावित कैमरे तय गति सीमा से अधिक रफ्तार में चलने वाले वाहनों और रेड लाइट जंप करने वालों की तस्वीर व वीडियो रिकॉर्ड करेंगे। ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) तकनीक की मदद से वाहनों की पहचान कर चालान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर डिजिटल चालान भेजा जा सकेगा। इस व्यवस्था से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर प्रभावी निगरानी रखने और सड़क सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलेगी। पुलिस की योजना के तहत उन इलाकों को प्राथमिकता दी जाएगी, जहां वाहनों का दबाव अधिक रहता है और सड़क दुर्घटनाओं की हमेशा आशंका बनी रहती है।


