रांची: रांची नगर निगम के सामुदायिक भवनों का इस्तेमाल अब केवल ऑनलाइन बुकिंग के बाद ही किया जा सकेगा। बिना अनुमति या निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए भवनों का उपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने इस संबंध में अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं तथा सभी सामुदायिक भवनों की चाबी भू-संपदा शाखा के पास जमा कराने को कहा है।

पहले चरण में पांच सामुदायिक भवन जुड़े
नगर निगम ने अपनी व्यवस्था को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए पहले चरण में पांच प्रमुख सामुदायिक भवनों को ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। इनमें वार्ड-14 के इंदिरा गांधी चौक, वार्ड-18 के ईस्ट जेल रोड, वार्ड-36 के न्यू पुंदाग, वार्ड-44 के इलसिया कम्युनिटी हॉल (पारस टोली) और वार्ड-45 के ग्वाला टोली (मजार रोड, डोरंडा) स्थित सामुदायिक भवन शामिल हैं। निगम के अनुसार, ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बावजूद अब तक इन भवनों की अपेक्षित बुकिंग नहीं हुई थी, और बिना पूर्व सूचना के भवनों का इस्तेमाल किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
पोर्टल के जरिए होगी बुकिंग
इच्छुक लोग नगर निगम के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल [https://apnaranchi.rsccl.in](https://apnaranchi.rsccl.in) पर जाकर उपलब्ध तिथियों की जानकारी ले सकते हैं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत बुकिंग कर सकते हैं। इस नई व्यवस्था से लोगों को बुकिंग के लिए निगम कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
बुकिंग के बाद ही मिलेगी चाबी
नगर आयुक्त ने निर्देश दिया है कि सामुदायिक भवनों की चाबी परिसंपत्ति अधीक्षक (भू-संपदा शाखा) को सौंपी जाएगी। ऑनलाइन बुकिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही बुकिंगकर्ता को चाबी दी जाएगी। आयोजन से पहले, आयोजन के दौरान और उसके बाद भवन की स्थिति की निगरानी परिसंपत्ति अधीक्षक करेंगे। कार्यक्रम समाप्त होने पर चाबी दोबारा भू-संपदा शाखा में जमा करनी होगी। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक परिसंपत्तियों का इस्तेमाल किसी व्यक्ति विशेष के निजी हित या अनधिकृत लाभ के लिए नहीं होना चाहिए और सभी भवनों का उपयोग केवल निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाएगा।
नगर निगम के इन सामुदायिक भवनों का उपयोग विवाह समारोह, पारिवारिक आयोजनों, धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य सामाजिक अवसरों के लिए किया जा सकेगा। ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से भवनों की उपलब्धता और तिथि की जानकारी मिलने के साथ ही बुकिंग की प्रक्रिया भी बेहद आसान हो गई है।


