रांची: नगर निगम ने शहर में रेवेन्यू कलेक्शन को बढ़ाने और करदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक सप्ताह तीन दिन विशेष राजस्व संग्रह शिविर आयोजित किए जाएंगे। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने निर्देश दिया है कि अंचल कार्यालयों के माध्यम से इन शिविरों का आयोजन किया जाए और लोगों को इसकी पूर्व सूचना दी जाए। जिससे कि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठाकर अपना होल्डिंग टैक्स आसानी से जमा कर सकें।

नगर आयुक्त ने होल्डिंग टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज की वसूली में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने करदाताओं को निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.ranchimunicipal.com एवं व्हाट्सएप चैटबॉट (8986627070) के जरिए ऑनलाइन भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित करने पर बल दिया। इसके अलावा उन्होंने बिना होल्डिंग निर्धारण वाले सरकारी भवनों की नापी कराकर जल्द डिमांड सृजित करने और नोटिस जारी कर टैक्स वसूलने के आदेश दिए हैं। बता दें कि रांची नगर निगम ने पिछले साल 100 करोड़ से अधिक का टैक्स कलेक्शन किया था जो अपने आप में रिकॉर्ड है।
बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए नगर आयुक्त ने चिन्हित बकायेदारों और वाटर यूजर चार्ज का भुगतान न करने वालों को नोटिस जारी कर अविलंब बकाया राशि वसूलने के निर्देश दिए। साथ ही, होटल, बैंक्वेट हॉल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से सॉलिड वेस्ट यूजर चार्ज की नियमित वसूली करने तथा भुगतान न करने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
रांची नगर निगम क्षेत्र में ढाई करोड़ से अधिक हाउसहोल्डर रजिस्टर्ड है। दुकान से लेकर घर और प्रतिष्ठान सभी शमिल है। इसके अलावा धार्मिक स्थलों का भी होल्डिंग नंबर जारी किया गया है। जिससे कि रांची नगर निगम के पास पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। नगर निगम ने छूटे हुए सरकारी भवनों का होल्डिंग नंबर जेनरेट करने का निर्देश दिया है। ऐसे में रांची नगर निगम के राजस्व में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।


