झारखंड में मौसम का दोहरा असर, कहीं भीषण गर्मी, तो कहीं तेज बारिश और आंधी का अलर्ट

झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, कहीं हीटवेव तो कहीं बारिश और आंधी का अलर्ट।

Neeral Prakash
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में आने वाले दो दिनों के दौरान मौसम का दोहरा असर देखने को मिलेगा। एक ओर कई जिलों में भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान करेगी, वहीं दूसरी ओर कुछ इलाकों में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम केंद्र रांची द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 25 और 26 मई को लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। 25 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में हीटवेव चलने की आशंका है। खासकर गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में तेज गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।

बीते 24 घंटे के दौरान झारखंड का सबसे अधिक तापमान डालटनगंज में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे यह राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

इसके अलावा जमशेदपुर में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि बोकारो थर्मल में 42.1 डिग्री और चाईबासा में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन के अनुसार देवघर में 40.4 डिग्री, कोडरमा में 40.5 डिग्री और सरायकेला में 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने के कारण लोगों को उमस और तेज गर्मी दोनों का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिणी और मध्य हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और वज्रपात की संभावना जताई गई है। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, रामगढ़, रांची, खूंटी और गुमला जिलों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

26 मई को भी उत्तर-पश्चिमी झारखंड में हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना है। मौसम केंद्र ने गढ़वा, पलामू और चतरा जिलों में फिर से उष्ण लहर चलने का अनुमान जताया है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में मौसम बदलने के संकेत हैं। उत्तर-पूर्वी और मध्य भागों में गरज के साथ तेज हवा और वज्रपात की आशंका है। धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, जामताड़ा और कोडरमा जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

इसके अलावा रांची, खूंटी, गुमला और रामगढ़ समेत दक्षिणी एवं मध्य झारखंड के कई इलाकों में भी गरज-चमक, तेज हवा और बारिश के आसार हैं। यहां हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और अत्यधिक गर्मी के दौरान जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।