नेतरहाट को मिलेगा नया लुक! उपायुक्त के दौरे के बाद तेज हुई विकास की रफ्तार, जानिए क्या-क्या होंगे बदलाव

नेतरहाट को आधुनिक टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाने की कवायद तेज हो गई है। डीसी संदीप कुमार के दौरे के बाद पर्यटन सुविधाओं, बस स्टैंड और सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी है।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : झारखंड की ‘रानी’ कहे जाने वाले नेतरहाट की तस्वीर बदलने की तैयारी तेज हो गई है। रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप कुमार ने पूरे इलाके का सघन दौरा कर विकास योजनाओं और पर्यटन सुविधाओं की जमीनी हकीकत देखी। दौरे की शुरुआत नेतरहाट स्थित पशु चिकित्सालय से हुई, जहां उपायुक्त ने भवन की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता, डॉक्टरों की तैनाती और इलाज व्यवस्था का विस्तार से जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने प्रस्तावित नए बस स्टैंड के लिए चिन्हित जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से भूमि उपलब्धता, पहुंच मार्ग, जल निकासी और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत जानकारी ली। उपायुक्त ने सख्त लहजे में कहा, “नेतरहाट सिर्फ लातेहार या झारखंड नहीं, पूरे देश का गौरव है। यहां आने वाले पर्यटकों की सुविधा सबसे ऊपर होनी चाहिए। सभी काम तय समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे हों, किसी भी तरह की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

पर्यटन स्थलों पर ‘रियलिटी चेक’

इसके बाद उपायुक्त की टीम ने सनराइज प्वाइंट, सनसेट प्वाइंट, नेतरहाट डैम और कोयल व्यू प्वाइंट का दौरा किया। यहां उन्होंने पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा व्यवस्था और बैठने की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नेतरहाट देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करता है, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं की कमी पर्यटन विकास में बड़ी बाधा बन सकती है। उन्होंने साफ कहा कि शौचालयों की नियमित सफाई, 24 घंटे पानी की उपलब्धता, बेहतर रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

विभागों को सख्त निर्देश

 निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पर्यटन, पेयजल स्वच्छता, विद्युत, भवन निर्माण और वन विभाग के अधिकारियों को तुरंत सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने टूटी सड़कों की मरम्मत, गंदे शौचालयों की सफाई, खराब लाइटों को बदलने और कचरा प्रबंधन के लिए ठोस योजना बनाने को कहा। साथ ही पर्यटकों की सुविधा के लिए साइनेज बोर्ड, सूचना पट्ट और हेल्प डेस्क लगाने के भी निर्देश दिए गए। इस निरीक्षण के दौरान जिला और प्रखंड प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।

क्या-क्या बदलने वाला है नेतरहाट में

प्रस्तावित योजना के तहत नया बस स्टैंड बनने से जाम और अव्यवस्था में राहत मिलेगी। पर्यटन स्थलों पर हाई-मास्ट लाइट, मॉड्यूलर टॉयलेट और पेयजल कियोस्क लगाए जाएंगे। साफ-सफाई के लिए विशेष टीम तैनात होगी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जगह-जगह CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।

बदलती तस्वीर की ओर नेतरहाट

प्रशासन की इस सक्रियता से साफ है कि नेतरहाट को एक बेहतर और आधुनिक टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की कोशिशें तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में यहां सुविधाओं और व्यवस्था दोनों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।