


नयी दिल्ली : टाटा समूह की ब्रिटेन स्थित लक्जरी वाहन कंपनी जगुआर लैंड रोवर (जेएलआर) ने सोमवार को कहा कि वह अगले दो साल में अपने वैश्विक कार्यबल में लगभग 4,000 पदों की कटौती करेगी। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड की अनुषंगी कंपनी ने कहा कि वह अगले दो साल में करीब 1.7 अरब पाउंड की बचत करने का लक्ष्य लेकर चल रही है। इससे कंपनी अपने कारोबार के लाभ-हानि संतुलन स्तर को घटाकर करीब 3,00,000 इकाइयों तक लाने में सक्षम होगी। कंपनी ने हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि प्रस्तावित छंटनी का भारतीय परिचालन पर कोई असर पड़ेगा या नहीं।





जेएलआर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पी बी बालाजी ने बयान में कहा, ‘‘यह कार्यक्रम हमारे वैश्विक वेतनभोगी और प्रबंधन वर्ग के सहयोगियों के लिए खुला है। इसका मुख्य असर ब्रिटेन में पड़ेगा, लेकिन हमारे अन्य वैश्विक प्रतिष्ठानों में भी इसका सीमित असर हो सकता है।’’ उन्होंने कहा कि वाहन उद्योग को भारी प्रतिस्पर्धा और जारी भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच प्रौद्योगिकी बदलाव जैसी महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। जेएलआर के सीईओ ने कहा, ‘‘अगले 12 महीनों में हम पांच नए उत्पाद पेश करेंगे, अपने ब्रांड की ताकत का लाभ उठाना जारी रखेंगे और दोहरे अंक में राजस्व वृद्धि हासिल करने के लिए अन्य बाजारों के साथ-साथ उत्तरी अमेरिका पर नए सिरे से ध्यान केंद्रित करेंगे।’’
जेएलआर में इस समय वैश्विक स्तर पर 43,000 लोग काम कर रहे हैं। कंपनी ने कहा कि बचत की यह योजना बढ़ती प्रतिस्पर्धा, तेजी से बदलते बाजारों और भू-राजनीतिक अनिश्चितता के बीच तैयार की गई है। इस योजना के तहत संगठनात्मक जटिलता को कम किया जाएगा। इससे अगले पांच वर्षों के दौरान विद्युतीकरण, डिजिटल प्रौद्योगिकियों, उन्नत विनिर्माण और बेहतर ग्राहक अनुभव में 15 से 18 अरब पाउंड के निवेश को समर्थन मिलेगा। टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने शेयर बाजार को बताया, ‘‘इसके चलते जेएलआर अगले दो साल में अपने वैश्विक कार्यबल में लगभग 4,000 पदों की कटौती करेगी। इस कटौती से प्रत्यक्ष विनिर्माण से जुड़ी नौकरियों पर कोई असर पड़ने की आशंका नहीं है, और जहां भी संभव होगा इसे स्वैच्छिक माध्यमों से लागू किया जाएगा।’’
