
Jharkhand Rajya Sabha Election : राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने संभावित हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका जताते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त को पत्र लिखा है। पार्टी का दावा है कि महागठबंधन के पास राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या बल मौजूद है, ऐसे में किसी तरह की राजनीतिक खरीद-फरोख्त की कोशिश लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती है।
झामुमो ने अपने पत्र में कहा है कि विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से महागठबंधन की स्थिति मजबूत है और दोनों उम्मीदवारों की जीत तय मानी जा रही है। इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा प्रत्याशी उतारने की चर्चा से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।
पार्टी ने आशंका जताई है कि चुनाव के दौरान विधायकों को आर्थिक प्रलोभन देकर वोट प्रभावित करने की कोशिश हो सकती है। इसे लेकर JMM ने चुनाव आयोग से विशेष निगरानी रखने और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की है।
इसके अलावा, झामुमो ने केंद्रीय जांच एजेंसियों जैसे सीबीआई, ईडी और खुफिया विभाग को भी सतर्क रखने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई हो सके।
राज्यसभा चुनाव को लेकर उठे इस मुद्दे ने झारखंड की सियासत में नई बहस छेड़ दी है और आने वाले दिनों में राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने के आसार हैं।

