
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, फर्जीवाड़े के आरोपों और हाल ही में हुई सीआईडी व पुलिस की कार्रवाई के बीच आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। आयोग कार्यालय में सीआईडी की छापेमारी और अध्यक्ष पद से एल. खियांगते के इस्तीफे के बाद आयोग ने 25 से 27 जुलाई के बीच आयोजित होने वाली संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 (नियमित) सहित कुल 9 परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है। आयोग के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी सूचना के अनुसार इन स्थगित परीक्षाओं के जरिए कुल 502 पदों पर नियुक्तियां होनी थीं। इसके अतिरिक्त 9 जुलाई को जारी परीक्षा कैलेंडर की शेष अन्य आगामी परीक्षाओं के कार्यक्रम को भी स्थगित कर दिया गया है।
स्थगित की गई प्रमुख परीक्षाओं का विवरण
संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 (नियमित): 25-27 जुलाई 2026 (103 पद)
संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2023 (बैकलॉग): 1-3 अगस्त 2026 (08 पद)
संयुक्त सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2025 (बैकलॉग): 8-10 अगस्त 2026 (45 पद)
सिविल जज जूनियर डिविजन (लिखित) परीक्षा: 6-7 सितंबर 2026 (138 पद)
सहायक लोक अभियोजक (बैकलॉग) लिखित परीक्षा: 8-12 सितंबर 2026 (26 पद)
कारखाना निरीक्षक लिखित परीक्षा: 11-12 सितंबर 2026 (14 पद)
प्रोजेक्ट मैनेजर लिखित परीक्षा: 19-20 सितंबर 2026 (30 पद)
सहायक लोक अभियोजक (नियमित) लिखित परीक्षा: 25-29 सितंबर 2026 (134 पद)
वाणिज्य निरीक्षक: 26-27 सितंबर 2026 (05 पद)
सीआईडी की सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर सीआईडी ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच के घेरे में ओएमआर शीट में हेरफेर, पेपर लीक और डिजिटल टैंपरिंग के मामले शामिल हैं। अनियमितताओं की गंभीर जांच को देखते हुए अब पूर्व में आयोजित 14वीं संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा को भी रद्द किए जाने के आसार जताए जा रहे हैं। परीक्षाओं की नई तिथियों की घोषणा आयोग द्वारा बाद में समीक्षा के बाद की जाएगी।

