
रांची: झारखंड के प्रारंभिक और मध्य विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए कर्मचारी चयन आयोग ने 7,299 सहायक आचार्यों की नियुक्ति का विज्ञापन जारी कर दिया है। इसके तहत 6,101 पदों पर नियमित और 1,198 पदों पर बैकलॉग भर्ती की जाएगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शुरू की गई इस भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे। नियुक्ति परीक्षा में शामिल होने के लिए 1 सितंबर तक परीक्षा शुल्क का भुगतान और 3 सितंबर तक फोटो व हस्ताक्षर अपलोड किए जा सकेंगे। आवेदन पत्र में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए 5 से 7 सितंबर तक का समय दिया गया है।
CTET और अन्य राज्यों के TET पास अभ्यर्थियों को भी मौका
विज्ञापन के अनुसार, झारखंड के अभ्यर्थियों के साथ-साथ CTET या अन्य राज्यों के TET पास उम्मीदवार भी इस भर्ती परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। हालांकि, ऐसे उम्मीदवारों को नियुक्ति मिलने के बाद तीन साल के भीतर या पहले अवसर पर ही जेटेट पास करना अनिवार्य होगा। वहीं, राज्य के आरक्षित वर्ग और सहायक अध्यापकों (पारा शिक्षकों) के लिए 50% सीटें आरक्षित रखी गई हैं।

