JSSC जॉब दिलाने का झांसा देकर वसूली, पुलिस ने 5 लोगों को दबोचा

JSSC में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पांच आरोपी गिरफ्तार हुए हैं, जो अभ्यर्थियों से 10 लाख रुपये मांगते थे।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

JSSC Job Fraud : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) में नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। अब तक इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोप है कि गिरोह सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से करीब 10 लाख रुपये तक की मांग करता था और चयन की गारंटी देने का दावा करता था।

मामले की शुरुआत सरायकेला-खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र से हुई थी, जहां सुशील कुमार नामक एक हवलदार को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोप है कि वह JSSC के PGT सहायक आचार्य पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दे रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, ब्लैंक चेक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए थे।

सुशील कुमार को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। पूछताछ के आधार पर गिरिडीह निवासी अमित उर्फ आर्यन और उसके चचेरे भाई अभिजीत कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद आरोपी राजेश कुमार ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जबकि चंदन कुमार को रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर अभ्यर्थियों से बड़ी रकम वसूलते थे और चयन की शत-प्रतिशत गारंटी का भरोसा देते थे।

जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं। पुलिस इन उपकरणों की जांच कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क कितना बड़ा है, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कितने अभ्यर्थियों से ठगी की गई है। मामले की जांच जारी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।