रांची: रांची के करमटोली तालाब के पास 51 डिसमिल सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर बाउंड्री वॉल का निर्माण किया गया है. इस जगह के उपयोग की संभावनाओं को लेकर शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने अधिकारियों और अभियंताओं के साथ स्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने यहां विशेष वेंडिंग जोन विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. आयुक्त ने कहा कि इसे सामान्य बाजार नहीं, बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक और पारंपरिक खान-पान की पहचान को बढ़ावा देने वाले ‘झारखंडी फूड मार्केट’ के रूप में विकसित किया जाये.
नगर आयुक्त ने अभियंताओं को ऐसा डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया, जिसमें लोगों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाये. प्रस्तावित योजना में सुव्यवस्थित पाथवे, पार्किंग स्थल, शेड, शौचालय, पेयजल और अन्य नागरिक सुविधाओं को शामिल करने की बात कही गयी. स्थल की सुंदरता और उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए आकर्षक झारखंडी कलाकृतियों की पेंटिंग और सुविधाजनक स्वरूप विकसित करने पर भी जोर दिया गया.


