कारगिल विजय दिवस वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का अमर प्रतीक : योगी आदित्यनाथ

कारगिल विजय दिवस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित भाजपा, कांग्रेस और सपा नेताओं ने 1999 के वीर सैनिकों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई प्रमुख नेताओं के अलावा कांग्रेस एवं समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने रविवार को कारगिल विजय दिवस पर वीर सैनिकों के शौर्य और बलिदान को नमन किया। योगी ने कहा कि यह दिवस वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का अमर प्रतीक है।
हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है। भारतीय सेना ने 1999 में इसी दिन ‘ऑपरेशन विजय’ की सफलता की घोषणा की थी। उस समय लद्दाख के कारगिल में पाकिस्तानी सैनिकों की घुसपैठ के बाद करीब तीन महीने तक चले संघर्ष में भारत ने विजय हासिल की थी।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कारगिल विजय दिवस की सभी को हार्दिक बधाई। यह दिवस हमारे वीर सैनिकों के शौर्य, त्याग और राष्ट्रनिष्ठा का अमर प्रतीक है।’’
योगी ने कहा, ‘‘मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राणों का उत्सर्ग करने वाले भारतीय सेना के सभी अमर वीरों को नमन। जय हिंद!’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीरों को कारगिल विजय दिवस पर कोटि-कोटि नमन।’’

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘अपनी’ पोस्ट में कहा, ‘‘कारगिल विजय दिवस की गौरवमयी वर्षगांठ पर भारतीय सशस्त्र बलों के अदम्य साहस, अद्वितीय शौर्य, अटूट संकल्प और उनकी अक्षुण्ण राष्ट्रभक्ति को कोटिशः नमन!’’
मौर्य ने कहा कि 1999 में ‘ऑपरेशन विजय’ के माध्यम से हमारे वीर जवानों ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और भारत के गौरव को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी अमर वीरों का त्याग और पराक्रम प्रत्येक भारतीय के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘भारत माता के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य एवं बलिदान के परिचायक कारगिल विजय की गौरवमयी वर्षगांठ पर समस्त सेना के जवानों की वीरता एवं साहस को सादर नमन।’’
कांग्रेस पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर एक पोस्ट में कहा, “कारगिल की बर्फीली चोटियों पर अपने खून से तिरंगा फहराने वाले अमर जवानों के शौर्य और अदम्य साहस को कोटि-कोटि नमन।”
उसने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों का बलिदान देशवासियों के सीने में सदा देशभक्ति की आग जलाता रहेगा।

समाजवादी पार्टी (सपा) ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “सभी देशवासियों को ‘कारगिल विजय दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं।” सपा ने कहा, “कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को शत शत नमन।” पाकिस्तानी सैनिकों ने घुसपैठ कर कारगिल की पहाड़ियों पर स्थित रणनीतिक चौकियों पर कब्जा कर लिया था। उनका मकसद कश्मीर और लद्दाख के बीच परिवहन संपर्क को बाधित करना था। भारत ने उन्हें खदेड़ने के लिए ‘ऑपरेशन विजय’ शुरू किया और इसमें सफलता हासिल की।

Share This Article
Avantika Raj Choudhary एक अनुभवी और बहुआयामी पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन वर्षों का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। इस दौरान उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग और वेबसाइट संचालन जैसे मीडिया के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। खबरों की गहरी समझ, प्रभावशाली प्रस्तुति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ सामने लाने की उनकी क्षमता उन्हें एक सशक्त मीडिया प्रोफेशनल बनाती है। अपने करियर के दौरान Avantika ने Jharkhand Live, The Fourth Pillar, 22 Scope और Khabar Mantra जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया है, जहाँ उन्होंने अपनी पेशेवर दक्षता, मेहनत और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एंकर के रूप में उनकी प्रभावशाली संवाद शैली, रिपोर्टर के रूप में जमीनी हकीकत को सामने लाने की क्षमता, और स्क्रिप्ट राइटर के रूप में सटीक एवं आकर्षक लेखन ने उन्हें मीडिया जगत में एक अलग पहचान दिलाई है। डिजिटल और ग्राउंड मीडिया दोनों प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करने का अनुभव रखने वाली Avantika Raj Choudhary पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के साथ खुद को निरंतर अपडेट करती रही हैं। उनकी कार्यशैली में निष्पक्षता, समर्पण और दर्शकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का उद्देश्य स्पष्ट रूप से झलकता है। मीडिया इंडस्ट्री में उनका यह अनुभव और कौशल उन्हें भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियों की ओर अग्रसर करता है.