

बेंगलुरु: कर्नाटक सरकार ने कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मामले में जांच का सामना कर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार को बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया।





गंगवार वर्तमान में केपीएससी में कथित अनियमितताओं की जांच कर रहे अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की हिरासत में हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी इस मामले की अलग से जांच कर रहा है।
सरकार की ओर से जारी आदेश में कहा गया, “अखिल भारतीय सेवा (अनुशासन एवं अपील) नियम, 1969 के नियम 3(2) और 3(3) के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार, आईएएस (केएन: 2016) को तत्काल प्रभाव से और अगले आदेश तक निलंबित किया जाता है। यह कार्रवाई अपराध जांच विभाग की जांच लंबित रहने तक की गई है।”
सीआईडी अधिकारियों ने दो दिन की कड़ी पूछताछ के बाद पशु चिकित्सा अधिकारियों के लिए केपीएससी भर्ती परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के सिलसिले में 29 अगस्त को गंगवार को गिरफ्तार किया था।
