10 अगस्त से दिखेगा ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन

अमिताभ बच्चन की मेजबानी वाला ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 18वां सीजन 10 अगस्त से शुरू होगा। इस बार शो की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ रखी गई है।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Kaun Banega Crorepati : अभिनेता अमिताभ बच्चन द्वारा प्रस्तुत किये जाने वाले लोकप्रिय शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (केबीसी) का 18वां सीजन 10 अगस्त से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर प्रसारित होगा।

अमिताभ बच्चन ने सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि इस बार शो की थीम ‘सोचना पड़ेगा’ होगी।

उन्होंने वीडियो पोस्ट के साथ लिखा, ‘‘कौन बनेगा करोड़पति 10 अगस्त से, रात नौ बजे, सिर्फ सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर। केबीसी सोचना पड़ेगा।’’

एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ‘सोचना पड़ेगा’ थीम इस बात पर जोर देती है कि आज के दौर में केवल जानकारी होना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका सही ढंग से उपयोग करना अधिक महत्वपूर्ण है।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि रोजमर्रा की परिस्थितियों पर आधारित प्रचार फिल्मों के माध्यम से यह संदेश दिया गया है कि भले ही आज जानकारी तुरंत उपलब्ध हो और प्रौद्योगिकी ने सीखने के तरीके को बदल दिया हो, लेकिन वास्तव में महत्वपूर्ण यह है कि व्यक्ति आलोचनात्मक ढंग से सोच सके, जानकारी का विश्लेषण कर सके और बदलते समय के अनुरूप सार्थक ढंग से स्वयं को ढाल सके।

अमिताभ बच्चन वर्ष 2000 से ‘कौन बनेगा करोड़पति’ शो के प्रस्तोता रहे हैं। हालांकि, वर्ष 2007 में प्रसारित शो के तीसरे सीजन को अभिनेता शाहरुख खान ने प्रस्तुत किया था।

इसके अलावा अमिताभ बच्चन ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल और फिल्म ‘सेक्शन 84’ में नजर आएंगे। ‘सेक्शन 84’ में उनके साथ डायना पेंटी और निमरत कौर भी अहम भूमिकाओं में हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।