रांची नगर निगम ने मोरहाबादी और हरमू चौक पर चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान, जानें फिर क्या हुआ

रांची नगर निगम ने डूरंड कप की तैयारियों के तहत मोरहाबादी और हरमू चौक में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर अवैध निर्माण, होर्डिंग्स और ठेला-खोमचों को हटाया।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi Municipal Corporation : रांची नगर निगम (RMC) ने शहर को सुव्यवस्थित, सुंदर और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से सोमवार को मोरहाबादी और हरमू चौक क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। आगामी फुटबॉल टूर्नामेंट ‘डूरंड कप’ के सफल, स्वच्छ एवं भव्य आयोजन को देखते हुए निगम ने यह त्वरित और सख्त कदम उठाया है।

भगवान बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम मोरहाबादी में डूरंड कप के मैचों के दौरान आने वाले खेल प्रेमियों और दर्शकों की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए होटल पार्क प्राइम से लेकर वेंडिंग जोन-2 के मोड़ तक की सरकारी भूमि को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराया गया है।

इस खाली कराई गई जमीन को अस्थाई पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और आगंतुकों को कोई परेशानी न हो।

अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार स्वयं उपस्थित रहे। निगम की इंफोर्समेंट टीम ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों, लगभग छह अस्थाई ढांचों, बैरिकेडिंग, अवैध होर्डिंग्स, विज्ञापन बोर्डों और ठेला-खोमचों को हटा दिया। इसके साथ ही एक निजी प्ले स्कूल द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया गया। अवैध टाइल्स फ्लोरिंग को तोड़ा गया और झाड़ियों की सफाई कर पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित किया गया।

अपर नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि डूरंड कप के आयोजन तक पूरे मोरहाबादी क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखा जाए।

इसके साथ ही सड़कों के किनारे स्थित सभी पेड़ों की ट्रिमिंग और डालियों की आवश्यक छंटनी समय रहते सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि खिलाड़ियों और दर्शकों की आवाजाही, लाइटिंग और यातायात व्यवस्था में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

एक अन्य कार्रवाई में निगम की इंफोर्समेंट टीम ने हरमू चौक के पास विशेष अभियान चलाकर फुटपाथ से अवैध रूप से लगाए गए पांच बड़े होर्डिंग्स, अवैध अस्थाई निर्माण, दुकानों और ढाबों को हटाया, जिससे आम नागरिकों और वाहनों का आवागमन निर्बाध हो सके। रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक भूमि और फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को सरकारी भूमि की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।